भारत इंफो : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के प्रकाशन से पहले ही पंजाब की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। किताब में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भावनात्मक प्रतिक्रिया का जिक्र किया गया है। सोनिया गांधी के मुताबिक, जब इंदिरा गांधी को स्वर्ण मंदिर परिसर में हुई तबाही की तस्वीरें दिखाई गईं तो उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े थे।
सोनिया गांधी के इस खुलासे के बाद शिरोमणि अकाली दल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। अकाली दल का कहना है कि जिस कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ऑपरेशन ब्लू स्टार हुआ और जिसके बाद 1984 में सिख विरोधी हिंसा हुई, वह अब इस मुद्दे पर संवेदना जताकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा है कि पार्टी ने कभी भी ऑपरेशन ब्लू स्टार को सही नहीं ठहराया।
किताब के प्रकाशित होने से पहले ही शुरू हुआ सियासी घमासान
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को प्रकाशित हो रही है। इसके कुछ अंश और ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ को दिए गए इंटरव्यू में उनकी टिप्पणियां पहले ही सार्वजनिक हो चुकी हैं। सोनिया गांधी ने 1984 के घटनाक्रम को याद करते हुए बताया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी को स्वर्ण मंदिर परिसर में हुए नुकसान की तस्वीरें दिखाई गई थीं। इन तस्वीरों को देखकर वह बेहद भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे थे। सोनिया के इस बयान ने एक बार फिर ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद हुए घटनाक्रम को लेकर पंजाब की राजनीति में बहस छेड़ दी है।
इंदिरा गांधी को अपनी हत्या का था अंदेशा
सोनिया गांधी ने इंटरव्यू में यह भी बताया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की जान को लगातार खतरा बना हुआ था। उन्हें अपनी हत्या की आशंका थी और उन्होंने परिवार को भी संभावित अनहोनी के लिए मानसिक रूप से तैयार करना शुरू कर दिया था। इंदिरा गांधी ने राहुल गांधी से भी कहा था कि अगर उन्हें कुछ हो जाए तो उन्हें बहादुर बने रहना चाहिए और रोना नहीं चाहिए। सोनिया ने बताया कि उन्हें लगता था कि कश्मीर यात्रा के दौरान इंदिरा गांधी अपने पोते-पोतियों से आखिरी बार विदाई लेने की कोशिश कर रही थीं।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की उनके दो सुरक्षा कर्मियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना ऑपरेशन ब्लू स्टार के कुछ महीने बाद हुई थी।
अकाली दल ने पूछा- कांग्रेस को किस बात की संवेदना?
सोनिया गांधी के बयान पर शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस ऑपरेशन में सिख समुदाय और श्री अकाल तख्त साहिब को निशाना बनाया गया, उस पर अब कांग्रेस किस आधार पर दुख और संवेदना जता रही है? ऑपरेशन ब्लू स्टार का दर्द सिख समुदाय के दिलों में पीढ़ियों तक रहेगा। पार्टी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस को भी कठघरे में खड़ा किया।
कलेर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को उन परिवारों से मिलना चाहिए, जिन्होंने 1984 की हिंसा में अपने परिजनों को खोया और जिनके घरों को आग के हवाले कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों के दर्द को समझे बिना कांग्रेस की ओर से ऐसी भावनात्मक बातें करना उचित नहीं है।
कांग्रेस का पलटवार- हमने कभी ऑपरेशन ब्लू स्टार को सही नहीं ठहराया
अकाली दल के हमले के बाद कांग्रेस ने भी अपना पक्ष रखा। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने कहा कि कांग्रेस ने कभी ऑपरेशन ब्लू स्टार को सही नहीं ठहराया है। उन्होंने कहा कि यह तत्कालीन सरकार का फैसला था और पार्टी इस घटना को लेकर पंजाब के लोगों के दर्द को समझती है। कांग्रेस हमेशा पंजाब और पंजाबियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सिख समुदाय के प्रति सम्मान का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी कई बार श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने पहुंचे हैं।
ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 का मुद्दा फिर बना सियासी बहस का केंद्र
सोनिया गांधी की किताब में किए गए खुलासे ने एक बार फिर पंजाब में 1984 से जुड़े जख्मों और राजनीतिक जिम्मेदारी के सवाल को चर्चा में ला दिया है। एक तरफ कांग्रेस इंदिरा गांधी की भावनात्मक प्रतिक्रिया का जिक्र कर रही है, तो दूसरी तरफ अकाली दल इसे कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी से ध्यान हटाने की कोशिश बता रहा है।