भारत इंफो, नई दिल्ली
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत ICSE (कक्षा 10वीं) की परीक्षाएं 15 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, जबकि ISC (कक्षा 12वीं) की परीक्षाओं का आगाज 9 फरवरी 2027 से होगा। बोर्ड के इस ऐलान के बाद दोनों कक्षाओं के लाखों विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारियों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। खास बात यह है कि 12वीं यानी ISC की परीक्षाएं 10वीं यानी ICSE से छह दिन पहले शुरू होंगी।
कहां मिलेगी डेटशीट?
विद्यार्थी CISCE की आधिकारिक वेबसाइट [www.cisce.org](https://cisce.org) पर जाकर परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं। डेटशीट में प्रत्येक विषय की परीक्षा की तारीख, समय, अवधि और परीक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी विषयवार डेटशीट ध्यान से देखें और उसी के अनुसार रिवीजन तथा तैयारी की योजना बनाएं।
विद्यार्थियों के लिए अहम अपडेट
परीक्षा की तारीखों की घोषणा के साथ ही स्कूलों में भी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र, समय और अन्य निर्देशों से संबंधित जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना को ही अंतिम मानना चाहिए। ICSE में पंजाब के 19,308 और ISC में 5,479 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। दोनों परीक्षाओं में कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे। ICSE की परीक्षाएं 31 मार्च और ISC की 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी।
खास बातें :
* पंजाब के 24,787 विद्यार्थी दोनों परीक्षाओं में शामिल होंगे।
* ICSE में 76 और ISC में 60 विषयों की परीक्षा होगी।
* ICSE परीक्षा का नया समय: सुबह 10 बजे प्रश्नपत्र पढ़ने का समय और 10:15 बजे लिखना शुरू होगा।
* एडमिट कार्ड दिसंबर 2026 के मध्य से मिलने शुरू होंगे।