लुधियाना में होर्डिंग्स और मकान लेने की चर्चाओं के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने साफ किया अपना रुख
2027 के चुनाव को लेकर अटकलें तेज
भारत इंफो, लुधियाना
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के 2027 विधानसभा चुनाव में बरनाला की बजाय लुधियाना नॉर्थ से चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी सीट का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। पार्टी नेतृत्व उन्हें जहां से चुनाव लड़ने के लिए कहेगा, वह वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से लुधियाना नॉर्थ में केवल सिंह ढिल्लों के नाम के होर्डिंग्स लगाए जाने और सिविल लाइंस इलाके में मकान लेने की चर्चाएं सामने आने के बाद उनके निर्वाचन क्षेत्र बदलने की अटकलें तेज हुई हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि ढिल्लों 2007 और 2012 में कांग्रेस टिकट पर बरनाला से विधायक चुने गए थे। 2017 के विधानसभा चुनाव और 2024 के बरनाला उपचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2024 के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर वह तीसरे स्थान पर रहे थे।
लुधियाना नॉर्थ में भाजपा का अपना राजनीतिक आधार है और 2024 के लोकसभा चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में रवनीत सिंह बिट्टू को 53,725 वोट मिले थे। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के यहां से चुनाव लड़ने की संभावना को भाजपा की शहरी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल केवल सिंह ढिल्लों के बयान ने गेंद पार्टी हाईकमान के पाले में डाल दी है। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व उन्हें उनके पुराने राजनीतिक गढ़ बरनाला से उतारता है या लुधियाना नॉर्थ में नई जिम्मेदारी देता है।