loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, मध्यप्रदेश के दो जिलों में भीषण अग्निकांड; 12 लोगों की मौत

भारत इंफो : मध्यप्रदेश में दीपावली के दौरान दो अलग-अलग जिलों में भीषण अग्निकांड की घटनाएं सामने आई हैं। सिवनी और कटनी में आग लगने से कुल 12 लोगों की मौत की सूचना है। सिवनी में एक सराफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, कटनी में एक दुकान में आग लगने से छह लोगों की मौत की सूचना मिली है। मृतकों में दो माह का मासूम भी शामिल बताया जा रहा है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

तड़के चार बजे व्यापारी के मकान में लगी आग

जानकारी के अनुसार, सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास स्थित सराफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में दीपावली के अगले दिन तड़के करीब 4 से 4:30 बजे के बीच अचानक आग लग गई। उस समय परिवार के करीब 10 सदस्य घर में मौजूद थे। सभी दीपावली का त्योहार मनाने के बाद सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से घर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक परिवार के छह सदस्यों की मौत हो चुकी थी। वहीं, चार अन्य लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल हैं।

कटनी में दुकान में लगी आग, दो माह के मासूम की भी मौत

सिवनी के साथ कटनी जिले में भी भीषण अग्निकांड की खबर सामने आई है। यहां एक दुकान में आग लगने से परिवार के छह लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में महज दो माह का मासूम बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, कटनी की घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आग लगने के कारणों की पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *