loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

अमृतसर में दिवाली की रात खूनी झड़प: गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, ASI को भी लगीं दो गोलियां

भारत इंफो, अमृतसर

पंजाब के अमृतसर में दिवाली की रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सुुल्तानविंड रोड स्थित रांझे दी हवेली के पास हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पंजाब पुलिस का एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल ASI की पहचान हरनेक सिंह के तौर पर हुई है। वह थाना बी डिवीजन में तैनात हैं। गोलीबारी के दौरान उनके पैर में दो गोलियां लगीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

सोने के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच सोने के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। दिवाली की रात इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान कुछ युवकों ने कथित तौर पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में प्रताप सिंह को गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद ASI हरनेक सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना बी डिवीजन की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। एसीपी रविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और गोली चलाने वाले युवकों की भूमिका की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *