भारत इंफो, लाहौर
भारत-पाकिस्तान विभाजन के 79 साल बाद पाकिस्तान के लाहौर में एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे को सिख श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोल दिया गया है। रविवार को विशेष धार्मिक समारोह के साथ गुरुद्वारा छेवीं पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब में फिर से पूजा-अर्चना शुरू हो गई।
लाहौर की टेंपल रोड स्थित इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का काम पूरा होने के बाद इसे खोला गया है। इस अवसर पर सिख समुदाय के सदस्यों के अलावा पाकिस्तान पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा तथा इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ETPB) के अधिकारी मौजूद रहे।
छठे गुरु हरगोबिंद साहिब से जुड़ा है इतिहास
इस गुरुद्वारे का संबंध सिखों के छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद साहिब से है। सिख ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु साहिब लाहौर यात्रा के दौरान भाई जीवन नामक श्रद्धालु के घर तीन दिन तक ठहरे थे। गुरु साहिब की मेजबानी से अभिभूत होकर भाई जीवन ने अपने घर को गुरुद्वारे में परिवर्तित कर दिया था। इस स्थान का संबंध भाई विधि चंद से भी रहा है, जिन्होंने मुगल शासन के दौरान जब्त किए गए दो घोड़ों को वापस हासिल करने के लिए लाहौर में अभियान चलाए थे।
1947 के बाद बंद हो गई थी धार्मिक गतिविधियां
वर्ष 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद इस गुरुद्वारे में सिख समुदाय की नियमित धार्मिक गतिविधियां बंद हो गई थीं। करीब आठ दशक तक यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पूजा-अर्चना के लिए बंद रहा। पाकिस्तान पंजाब के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने कहा कि गुरुद्वारे का जीर्णोद्धार पूरा कर इसे सिख समुदाय के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान में 50 से अधिक गुरुद्वारों का नवीनीकरण किया जा रहा है, ताकि सिख विरासत को संरक्षित करने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। 79 साल बाद इस गुरुद्वारे का दोबारा खुलना दुनिया भर के सिख समुदाय के लिए ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखता है।