भारत इंफो, अमृतसर
खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का रविवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर है। वह 85 वर्ष की थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चरण कौर पिछले करीब तीन महीने से बीमार चल रही थीं। इस दौरान उन्हें दो बार अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया था।
दादी की गंभीर हालत को देखते हुए अमृतपाल सिंह के परिवार और वकीलों ने अदालत में याचिका दायर कर उन्हें अंतरिम जमानत देने की मांग की थी, ताकि वह अपनी दादी से मिल सकें। हालांकि, अमृतसर की अदालत ने 7 अक्टूबर को उन्हें दादी से 10 मिनट की वीडियो कॉल पर बातचीत करने की अनुमति दी थी। इसके बाद असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह ने वीडियो कॉल के जरिए अपनी दादी से बात की थी। चरण कौर का पार्थिव शरीर अमृतसर जिले के उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रखा गया है।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। वह राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में लिए गए थे। फिलहाल वह अजनाला थाने से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।