loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 19°C
Breaking News

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- ‘E20 बना 420, जनता की गाड़ियों से हो रही पेट्रोल चोरी’

कर्नाटक में पेट्रोल के 14 नमूनों की जांच में 11 में 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिलने का दावा

IOCL में 31.2% और HPCL में 30.5% एथेनॉल की बात कही

भारत इंफो, नई दिल्ली

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल देने का दावा किया जा रहा है, जबकि कर्नाटक सरकार द्वारा करवाई गई जांच में पेट्रोल के नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा से काफी अधिक पाई गई है।

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, E20 बना 420 – जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी! उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार ने सात जिलों से पेट्रोल के 14 नमूने लेकर मान्यता प्राप्त लैब में उनकी जांच करवाई। इनमें से 11 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत से अधिक पाई गई।

राहुल गांधी के मुताबिक, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के एक नमूने में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के एक नमूने में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी और निजी क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के नमूनों में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल पाया गया है। उन्होंने कंपनियों की आंतरिक प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा का उल्लेख नहीं होने पर भी सवाल उठाए।

 

माइलेज कम होने और गाड़ियों को नुकसान का दावा

राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल होने का असर आम वाहन चालकों पर पड़ सकता है। इससे गाड़ियों का माइलेज कम हो सकता है और रखरखाव पर खर्च बढ़ सकता है। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर ईंधन में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा की जानकारी नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि देश में बिक रहे पेट्रोल में वास्तव में कितनी मात्रा में एथेनॉल मिलाया जा रहा है और निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी?

तेल कंपनियों ने आरोपों को किया खारिज

इस विवाद पर इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने संयुक्त बयान जारी कर कर्नाटक सरकार के जांच निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों का कहना है कि उनके द्वारा देशभर में सप्लाई किया जा रहा E20 पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के IS 17021 मानकों के अनुरूप है, जिसमें एथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत निर्धारित है।

कंपनियों ने नमूने लेने और उनकी जांच की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कर्नाटक सरकार द्वारा प्रस्तुत निष्कर्ष निर्धारित तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाओं के अनुरूप की गई जांच से प्रमाणित नहीं होते। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की अपनी चुनौती भी दोहराई है। उन्होंने कहा कि बहस में यह सवाल भी शामिल होना चाहिए कि सरकार की नीतियों से वास्तविक फायदा किसे मिल रहा है। फिलहाल E20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर केंद्र, कर्नाटक सरकार, कांग्रेस और तेल कंपनियों के बीच विवाद गहरा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *