loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 19°C
Breaking News

भगवंत मान पाकिस्तान आना चाहें तो वीजा देने पर विचार करेगा पाक: विदेश मंत्रालय

27 नवंबर को लाहौर में होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का मिला है न्योता

भारत इंफो, इस्लामाबाद

पाकिस्तान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान आने के लिए वीजा जारी करने पर विचार करने की बात कही है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि यदि भगवंत मान पाकिस्तान आने की इच्छा जताते हैं तो उनकी सरकार उन्हें वीजा देने पर विचार करेगी। प्रवक्ता ने हालांकि स्पष्ट किया कि भगवंत मान को भारत सरकार पाकिस्तान जाने की अनुमति देती है या नहीं, यह एक अलग मामला है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 23 अक्टूबर को खुलासा किया था कि उन्हें 27 नवंबर को लाहौर में आयोजित होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। उन्होंने इस दौरान सवाल उठाया था कि क्या उन्हें पाकिस्तान जाने की अनुमति मिल पाएगी। मान ने कहा था कि दोनों देशों की संस्कृति एक जैसी है और पंजाब से कई कवि भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेने जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इससे पहले करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खुलने की स्थिति में पंजाब विधानसभा के सभी विधायकों के साथ श्री करतारपुर साहिब जाने की इच्छा भी जताई थी।

उल्लेखनीय है कि करतारपुर कॉरिडोर के जरिए भारत के श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब के दर्शन कर सकते हैं। हालांकि, 7 मई 2025 से भारतीय पक्ष की ओर से इस कॉरिडोर के जरिए श्रद्धालुओं की आवाजाही निलंबित है।पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कॉरिडोर के माध्यम से यात्रा बहाल होने पर वह श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *