मोहाली में जापान के खिलाफ एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हासिल की उपलब्धि, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 200 नंबर की विशेष जर्सी देकर किया सम्मानित
भारत इंफो, मोहाली
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार मिडफील्डर हार्दिक सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपने सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैचों का दोहरा शतक पूरा कर लिया है। हॉकी इंडिया ने हार्दिक की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।
हार्दिक सिंह ने यह मुकाम मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में जापान के खिलाफ हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान हासिल किया। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें 200 नंबर वाली विशेष जर्सी भेंट कर सम्मानित किया।
जिस मैदान पर कभी बने थे बॉल बॉय, वहीं रचा इतिहास
हार्दिक के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इसी मैदान से उनके हॉकी करियर की शुरुआत हुई थी। वह यहां हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण लेते थे। वर्ष 2013 में हॉकी इंडिया लीग के दौरान उन्होंने इसी मैदान पर बॉल बॉय की भूमिका भी निभाई थी। एक समय मैदान के बाहर खड़े होकर खिलाड़ियों को देखने वाले हार्दिक ने इसी मैदान पर 200 अंतरराष्ट्रीय मैचों का आंकड़ा छूकर अपनी मेहनत और संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी लिखी है।
ओलंपिक पदक से लेकर अर्जुन अवॉर्ड तक शानदार सफर
2018 में सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण करने वाले हार्दिक सिंह भारतीय मिडफील्ड के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह टोक्यो ओलंपिक-2020 और पेरिस ओलंपिक-2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक और 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने में भी अहम भूमिका निभाई।
हार्दिक के नाम 2018 और 2023 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के स्वर्ण पदक, 2021 संस्करण का कांस्य पदक और 2025 एशिया कप का स्वर्ण पदक भी दर्ज है। भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2021 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2023 में उन्हें एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर भी चुना गया।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की और महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी हार्दिक को बधाई देते हुए कहा कि 200 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पूरे करना उनकी निरंतरता, समर्पण और भारतीय हॉकी के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।