डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के दो आवासों पर तलाशी; विधायक से पूछताछ की भी खबर, कार्रवाई का कारण अभी स्पष्ट नहीं
आप ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए दोबारा मोगा से किया है उम्मीदवार घोषित
भारत इंफो, मोगा,
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए मोगा से AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के दो आवासों पर छापेमारी की है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे ED की टीम उनके आवासों पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED की कार्रवाई के दौरान विधायक के आवासों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कुछ रिपोर्टों में विधायक से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी दी गई है। हालांकि, ED की ओर से अभी तक इस कार्रवाई के पीछे के मामले, आरोपों या जांच के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। तलाशी के दौरान किसी नकदी या दस्तावेज की बरामदगी की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
AAP नेताओं ने उठाए सवाल
ED की कार्रवाई के बाद AAP कार्यकर्ता और नेता मौके पर पहुंचे। पार्टी नेताओं ने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कार्रवाई बताते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर राकेश कुमार बजाज ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि विधायक को निशाना बनाया जा रहा है।
गौरतलब है कि डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा पंजाब में AAP की महिला विंग की प्रधान भी हैं। पार्टी ने 31 अक्टूबर को जारी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में उन्हें 2027 विधानसभा चुनाव के लिए दोबारा मोगा से उम्मीदवार घोषित किया है। चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई ने पंजाब का सियासी माहौल गर्मा दिया है। अब सभी की नजरें ED की जांच और आम आदमी पार्टी की आगामी राजनीतिक प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।