loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

मनीषा भानवाला ने रचा इतिहास, सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनीं

59 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अमेरिकी पहलवान को 8-6 से हराया, भारत ने प्रतियोगिता में जीते चार पदक

 

भारत इंफो, नई दिल्ली

भारतीय महिला पहलवान मनीषा भानवाला ने शुक्रवार को खेल जगत में इतिहास रच दिया। उन्होंने सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनने का गौरव प्राप्त किया। मनीषा ने 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में अमेरिका की अबीगेल एलिजाबेथ नेट को 8-6 से हराकर देश के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता।

फाइनल मुकाबले में मनीषा की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही। अमेरिकी पहलवान ने एक समय 6-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन मनीषा ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया और लगातार अंक हासिल कर 8-6 से जीत दर्ज की। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय महिला कुश्ती के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।

इससे पहले सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की कोई भी महिला पहलवान स्वर्ण पदक नहीं जीत सकी थी। वर्ष 2021 में अंशु मलिक भी इस उपलब्धि के बेहद करीब पहुंची थीं, लेकिन उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।

मनीषा के स्वर्ण पदक के साथ ही इस चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों का अभियान चार पदकों के साथ समाप्त हुआ। इससे पहले काजल धोचक और नीलम सिरोही ने रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। मनीषा की इस ऐतिहासिक जीत को भारतीय महिला कुश्ती के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में शानदार वापसी करते हुए साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *