loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

BREAKING NEWS: परविंदर झोटा मामले के बीच मानसा में बड़ा पुलिस फेरबदल, चार डीएसपी बदले

भारत इंफो, मानसा

पंजाब के मानसा जिले में परविंदर सिंह झोटा मामले के बीच पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पंजाब पुलिस मुख्यालय की ओर से 29 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत डीएसपी स्तर के चार अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें तीन अधिकारियों को मानसा जिले में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि एक अधिकारी को जिले से बाहर भेजा गया है।

जारी आदेश के अनुसार डीएसपी गुरप्रताप सिंह को फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी कमांड सेंटर से बदलकर डीएसपी सब-डिवीजन मानसा लगाया गया है। इसी तरह डीएसपी हरविंदर सिंह को डीएसपी सब-डिवीजन रूरल, बठिंडा से डीएसपी सब-डिवीजन सरदूलगढ़, मानसा तैनात किया गया है। डीएसपी सरवजीत सिंह बराड़ को बठिंडा की स्पेशल ब्रांच से बदलकर डीएसपी सब-डिवीजन बुढलाडा, मानसा लगाया गया है। वहीं, डीएसपी सिकंदर सिंह को डीएसपी सब-डिवीजन बुढलाडा, मानसा से बदलकर छठी आईआरबी, लड्डा कोठी, संगरूर में तैनात किया गया है। आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को 30 अक्टूबर को दोपहर बाद अपने नए तैनाती स्थलों पर रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा की मौत के बाद मानसा में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और मामले में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से सरकार तथा पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में जिले में डीएसपी स्तर पर हुए इस फेरबदल को काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि, तबादला आदेश में इन नियुक्तियों को झोटा मामले से जोड़ने का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *