Thursday, October 29, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

स्पेन में भीषण रेल हादसा : अब तक 68 लोगों की मौत, 179 घायल

भारत इंफो : स्पेन में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जहां दो हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 68 लोगों की मौत हो गई, जबकि 179 लोग घायल बताए गए हैं। हादसा टोलेडो प्रांत में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी सेवाओं और मेडिकल टीमों को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मोरा और ओरगाज कस्बों के बीच हुआ हादसा
स्पेनिश मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे मोरा और ओरगाज कस्बों के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि एक ट्रेन धीमी गति से आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी ट्रेन उससे टकरा गई। टक्कर के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर से कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त
दोनों ट्रेनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू किया गया। इमरजेंसी और मेडिकल टीमें घायलों की मदद में जुट गईं। हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने के कारण राहत एजेंसियों को व्यापक स्तर पर काम करना पड़ा।

मैड्रिड से अंदालूसिया जाने वाली रेल सेवा प्रभावित
हादसे के बाद राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली रेल लाइन बंद कर दी गई। इससे इस मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हुआ। रेल लाइन बंद किए जाने के बाद यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सरकारी और निजी कंपनी की थीं दोनों ट्रेनें
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में शामिल ट्रेनों में एक सरकारी रेल कंपनी रेनफे (Renfe) और दूसरी निजी कंपनी इर्यो (Iryo) की थी। इन कंपनियों की हाई स्पीड ट्रेनें आमतौर पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल सकती हैं। हालांकि, हादसे के समय दोनों ट्रेनों की वास्तविक गति और टक्कर के सटीक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *