Thursday, October 29, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

बच्चों का मुंडन करवाने जा रहा था परिवार, ट्रक से टकराई कार; 6 लोगों की गई जान

भारत इंफो : राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक की मौत हो गई। हादसा सादुलपुर इलाके में हुआ, जहां परिवार को लेकर जा रही कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। दुर्घटना में एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मृतकों में बुजुर्ग दंपती, परिवार की दो महिलाएं और एक चार महीने का बच्चा शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

ट्रक में पीछे से घुसी कार, मौके पर मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, परिवार कार में सवार होकर कुलदेवी गुड़गांव वाली माता के यहां बच्चों का मुंडन करवाने जा रहा था। इसी दौरान सादुलपुर में कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसा देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी घटना की सूचना दी।

हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
इस दुर्घटना में सोमसीसर गांव, तारानगर निवासी भंवर लाल शर्मा (60), उनकी पत्नी महेंद्र देवी (55), बहू कविता (28), यशोदा (34) और कविता के चार महीने के बेटे कन्हैया की मौत हो गई। कार चालक मांगीलाल नाई (31) ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मासूम बच्ची गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में यशोदा की बेटी दिव्यांशी भी घायल हो गई। उसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *