Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

खेल से प्रशासन तक, 36 प्रतिभाओं को मिला सम्मान; ग्लोबल कंबोज संस्था ने किया समारोह

भारत इंफो : ग्लोबल कंबोज एजुकेशनल एंड वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की ओर से प्रेस क्लब चंडीगढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा, खेल, प्रशासन, साहित्य, उद्यमिता, समाज सेवा और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली 36 प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इन हस्तियों ने अपने काम से कंबोज समुदाय का नाम देश-विदेश में रोशन किया है।

समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान विधायक जगदीप गोल्डी जलालाबाद, पंजाब बीसी कमीशन के चेयरमैन मलकीत थिंद और समुदाय के कई अन्य प्रमुख लोग भी मौजूद रहे।

सम्मान से नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा: अमन अरोड़ा

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में मेहनत और लगन से मुकाम हासिल करने वाली हस्तियों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं और आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह कंबोज के वारिसों के साथ वह हमेशा खड़े हैं। उनके अनुसार, समाज में प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना जरूरी है।

कंबोज समुदाय को राजनीति में प्रतिनिधित्व देने की मांग

समारोह में विधायक जगदीप गोल्डी जलालाबाद ने भी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कंबोज समुदाय को राजनीति में भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

वहीं, पंजाब बीसी कमीशन के चेयरमैन मलकीत थिंद ने पिछड़े वर्गों के आरक्षण से संबंधित स्वीकृत कोटे को जल्द लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

हर विधानसभा क्षेत्र में समुदाय को एकजुट करने की योजना

ग्लोबल कंबोज एजुकेशनल एंड वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह ढोट ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य कंबोज समुदाय को एक मंच पर एकजुट करना है।

उन्होंने घोषणा की कि संस्था पंजाब के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समुदाय के लोगों को संगठित करने की दिशा में काम करेगी। इसका उद्देश्य राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्रों में समुदाय के नेताओं तथा युवाओं को सेवा के अवसर उपलब्ध करवाना है।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी और उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए विशेष सहयोग देने की योजना भी बनाई गई है।

खेल, शिक्षा और प्रशासन सहित कई क्षेत्रों की हस्तियां सम्मानित

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

खेल क्षेत्र में नवनीत कौर (शाहाबाद), रश्मीन कौर (हॉकी, फिरोजपुर), वीरेंद्र सिंह झंड (मैराथन, दुबई), यंगबीर सिंह नंडा (घुड़सवारी, जालंधर), सिमरन कंबोज (मुक्तसर), जैवीर सिंह (सॉफ्टबॉल, चंडीगढ़), रविंदर पाल कंबोज (पैरा स्पोर्ट्स, फतेहाबाद), चांद दीप कौर (जूडो-कराटे, लुधियाना), तरन्नुम कौर थिंद (राइफल शूटिंग, भोपाल) और नवनीत कौर (करनाल) को सम्मानित किया गया।

प्रशासन और पुलिस के क्षेत्र में रशनीत कौर (IAS, राजपुरा), सतबीर सिंह चंदी और विशालजीत सिंह कंबोज (पुलिस कमिश्नरेट, अमृतसर) को सम्मान मिला।

शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में डॉ. सीपी कंबोज (पटियाला), डॉ. बलविंदर सिंह थिंद (जालंधर), डॉ. संदीप सिंह संधा (फिरोजपुर), मीना महरोक (जलालाबाद), कुलविंदर कौर (कपूरथला) और डॉ. सुरेश कंबोज (जीएनई, फगवाड़ा) को सम्मानित किया गया।

उद्यमिता और समाज सेवा के क्षेत्र में राजेश हांडा और नरेश हांडा (दिल्ली), डॉ. संजीव कंबोज (चंडीगढ़), सतनाम सिंह (अमृतसर), फतेहपुर राजपूतां कमेटी (ननकाना साहिब, अमृतसर), बलदेव सिंह खिंडा (राजस्थान), गुरमीत सिंह मुती (हरियाणा), मनु कंबोज (राजस्थान), सुरेश कुमार (उत्तराखंड) और इकबाल कंबोज पाला बट्टी (फिरोजपुर) को सम्मान मिला।

लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दौलत राम कंबोज (मोहाली), दीदार सिंह नलवी (हरियाणा) और स्वर्गीय हकम चंद कंबोज (उत्तराखंड) को दिया गया। इनके अलावा कुलदीप सिंह बावा (सुनाम), डॉ. सिकंदर सिंह और अमित कंबोज (उत्तराखंड) को भी सम्मानित किया गया।

गणमान्य लोगों ने की शिरकत, आयोजकों ने जताया आभार

समारोह में पंजाब एग्रो के चेयरमैन शमिंदर खिंडा, कंबोज वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन सुखविंदर सिंह, पंजाब पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह दुआबा, पूर्व जज परमिंदरपाल सिंह, कामरेड रमेश, मनदीप सिंह जोसन, निर्मल सिंह, पत्रकार बलविंदर जम्मू, डॉ. इकबाल सिंह और हरबीर सिंह थिंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के खजांची पलविंदर सिंह जम्मू और मीडिया एडवाइजर तेजिंदर कौर थिंद ने किया। अंत में चेयरमैन सुखदेव सिंह नानकपुर और महासचिव मनिंदरपाल सिंह पलासौर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *