भारत इंफो : अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे गए। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत रनवे ऑपरेशंस रोक दिए। इस अचानक हुई सुरक्षा कार्रवाई के चलते अमृतसर आने वाली तीन अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
उड़ानों का डायवर्जन और यात्रियों की परेशानी
सुरक्षा कारणों से दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-855) को वापस दिल्ली भेज दिया गया। वहीं, मुंबई से आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-5028) को चंडीगढ़ और कुआलालंपुर से आ रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट (MH-118) को दिल्ली डायवर्ट किया गया।
अचानक उड़ानें रद्द होने और डायवर्ट किए जाने से एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्री एयरपोर्ट पर ही फंस गए और उन्होंने हंगामा किया। यात्रियों का आरोप था कि स्थिति बिगड़ने पर कोई भी एयरलाइन या एयरपोर्ट अधिकारी उनसे बात करने को तैयार नहीं था। हालांकि, रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
CISF ने देखे ड्रोन, सितंबर में भी हो चुका है ऐसा वाक्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने परिसर और उसके आसपास के आसमान में दो से तीन संदिग्ध ड्रोन उड़ते हुए देखे। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई।
गौरतलब है कि सितंबर महीने में भी इसी एयरपोर्ट के पास ड्रोन गतिविधि सामने आई थी। उस दौरान भी 6 सितंबर को रात के समय ड्रोन देखे जाने के बाद एयरपोर्ट का संचालन करीब डेढ़ घंटे (90 मिनट) तक रोकना पड़ा था, जिससे 7 कमर्शियल उड़ानें प्रभावित हुई थीं।