Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

जालंधर में SFJ के 2 सदस्य गिरफ्तार, रेड क्रॉस भवन पर लिखे थे विवादित नारे

भारत इंफो : जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े होने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कुछ दिन पहले रेड क्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने की घटना में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव निहालुवाल निवासी सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह के रूप में हुई है।

रेड क्रॉस भवन पर लिखे गए थे खालिस्तान समर्थक नारे
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को रेड क्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे हुए मिले थे। घटना के बाद गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो भी शेयर किया गया था। मामले की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

DCP की निगरानी में पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि डीसीपी सिटी आदित्य वॉरियर और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में पुलिस टीमों ने मामले की जांच की। जांच के दौरान दोनों संदिग्धों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दावा किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस मामले से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि 14 और 15 सितंबर 2026 की रात उन्होंने होशियारपुर के चब्बेवाल के पास गांव बारियां कलां में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया था।
इस मामले में चब्बेवाल पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 298 के तहत FIR नंबर 130, दिनांक 15 सितंबर 2026 को दर्ज की जा चुकी है।

पुलिस खंगाल रही साजिश के कनेक्शन
वहीं, जालंधर के पुलिस डिवीजन नंबर 6 में इस मामले को लेकर BNS की धाराओं 147, 152, 196, 61(2) और IT एक्ट की धारा 66F के तहत FIR नंबर 301, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान मामले से जुड़े पुराने और आगे के कनेक्शन की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *