Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 25°C
Breaking News

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी पहुंच रहे अमृतसर

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने जारी किया कार्यक्रम

भारत इंफो, जालंधर
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब मामलों के प्रभारी सचिन पायलट भी 8 अक्टूबर को अमृतसर के दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह भी उनके साथ रहेंगे। पायलट के अमृतसर दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है।
कार्यक्रम के अनुसार सचिन पायलट सुबह 7:15 बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होंगे और 8:30 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 9:30 बजे सचिन पायलट श्री दरबार साहिब में माथा टेकेंगे। इसके पश्चात 10 बजे श्री दुर्गियाना मंदिर में नतमस्तक होंगे। सुबह 11:30 बजे रियाल्टो चौक के निकट सेंट पॉल चर्च में प्रार्थना करेंगे, जबकि दोपहर 12:30 बजे श्री राम तीर्थ मंदिर पहुंचकर माथा टेकेंगे।
सचिन पायलट के साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की मौजूदगी इस दौरे को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बना रही है। 2 अक्टूबर को पंजाब प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालने के बाद परगट सिंह लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। ऐसे में पायलट के साथ अमृतसर में उनकी मौजूदगी को पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में आगे के दौरे का विवरण बाद में जारी किए जाने की बात कही गई है। जारी दस्तावेज के अनुसार सचिन पायलट को Y+ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *