कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं से सिलसिलेवार मुलाकातें
के.सी. वेणुगोपाल, अंबिका सोनी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर से भी मुलाकात
मनुपाल शर्मा, नई दिल्ली
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह रविवार को नई दिल्ली में दिनभर राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं से सिलसिलेवार मुलाकातें कर पंजाब में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कांग्रेस को तैयार करने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया।
परगट सिंह का रविवार महज औपचारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे पंजाब कांग्रेस में नए संगठनात्मक दौर की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। एक ही दिन में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे के शीर्ष नेताओं, वरिष्ठ पार्टी नेताओं और सामाजिक न्याय से जुड़े नेतृत्व के साथ उनकी मुलाकातों ने साफ संकेत दिया है कि नए प्रदेश अध्यक्ष की प्राथमिकता संगठन को सक्रिय करना, विभिन्न वर्गों को साथ जोड़ना और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
पंजाब में कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सत्ता में वापसी की चुनौती है और पार्टी नेतृत्व ने अब इसके लिए सामूहिक प्रयासों का संकेत दिया है। परगट सिंह के रविवार की दिल्ली सक्रियता को इसी व्यापक राजनीतिक रणनीति की पहली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
रविवार को परगट सिंह ने AICC के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने AICC के प्रभारी प्रशासन गुरदीप सिंह सप्पल से मुलाकात कर पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक मामलों पर विचार-विमर्श किया।
दिल्ली प्रवास के दौरान परगट सिंह ने AICC के एससी विभाग के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम से भी मुलाकात की। इस दौरान समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकार, सम्मान और समानता के साथ-साथ संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई।
परगट सिंह ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद लिया। पंजाब कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए यह मुलाकात राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है।
इसी क्रम में परगट सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर से भी मुलाकात की। उन्होंने उनका आशीर्वाद लिया और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया। परगट सिंह ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा