Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

जालंधर के गढ़ा में युवक पर किरपाण से जानलेवा हमला, CCTV में कैद वारदात; कुत्ते ने हमलावर पर झपटकर बचाई जान

भारत इंफो : जालंधर के गढ़ा इलाके में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की और बाद में धारदार किरपाण से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

पहले लात-घूंसों से पीटा, फिर किरपाण से किया हमला
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कुछ हमलावरों ने युवक को अकेला पाकर घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लात-घूंसों से पीटने के बाद एक युवक धारदार किरपाण लेकर मौके पर पहुंचा और घायल युवक पर लगातार वार करने लगा। हमले के दौरान युवक जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कुत्ते ने हमलावर पर झपटकर बचाई युवक की जान
घटना का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा CCTV फुटेज में कैद हुआ। जब हमलावर घायल युवक पर किरपाण से हमला कर रहा था, तभी पास मौजूद एक कुत्ता अचानक हमलावर पर झपट पड़ा। कुत्ते के हमलावर पर टूट पड़ने के बाद वह घबरा गया और मौके से भागने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्ते के बीच में आने से हमलावर को अपना हमला रोकना पड़ा। इस दौरान घायल युवक को वहां मौजूद लोगों ने संभाला।

हमले में घायल युवक को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

CCTV के आधार पर 3 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है और मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *