भारत इंफो : पंजाब के जालंधर स्थित गुलाब देवी रोड के पास बसे गुरु नानक नगर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब बाइक सवार तीन अज्ञात युवक एक स्कूली बच्चे को अपने साथ जबरन बैठाकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बच्चे का स्कूल बैग पास की नहर में फेंक दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय थाना नंबर 1 की पुलिस को दी गई। वहीं, घटना से जुड़ी एक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक बच्चे को बीच में बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पूर्व पार्षद ने बताई मौके की आपबीती
मामले की जानकारी देते हुए पूर्व पार्षद जगदीश समराय ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे जब वे वहां से गुजर रहे थे, तो उन्होंने सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा देखी। जब उन्होंने लोगों से भीड़ जुटने की वजह पूछी, तो स्थानीय निवासियों ने बताया कि पल्सर बाइक पर आए तीन नकाबपोश युवक एक मासूम बच्चे को अगवा करके ले गए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चा किसका था और उसके परिजन कौन हैं, जिससे रहस्य और गहरा गया है।
डीएसपी का बयान, जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने मीडिया को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके के तीन प्रमुख स्कूलों के प्रिंसिपलों से संपर्क किया और किसी बच्चे के गायब होने के संबंध में जानकारी ली। हालांकि, अभी तक किसी भी स्कूल या परिवार की तरफ से बच्चे के लापता होने की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।