Friday, September 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

सीसीटीवी में कैद हुई पिटबुल डॉग की हैवानियत : 6 महीने के बच्चे को नोंचा, इलाके में दहशत

भारत इंफो : हरियाणा के सोनीपत की सिक्का कॉलोनी से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक खूंखार पिटबुल डॉग ने 6 महीने के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। मासूम अपनी बुआ की गोद में था, जब सामने वाले घर से अचानक निकले पिटबुल ने उस पर झपट्टा मार दिया। यह पूरी खौफनाक वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

बुआ की गोद से गिरा मासूम, पिटबुल ने नोंचा
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला घर के बाहर मासूम को गोद में लेकर खड़ी थी। इसी दौरान सामने के घर से निकला पिटबुल सीधे बच्चे की तरफ लपका, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण महिला बच्चे समेत सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद कुत्ते ने महिला को छोड़कर मासूम पर हमला कर दिया और उसे दांतों से काटने लगा। महिला ने जान जोखिम में डालकर बच्चे को छुड़ाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रही।

कड़ी मशक्कत के बाद बचाई गई जान
अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद बच्चे को पिटबुल के जबड़े से छुड़ाया गया। इस हमले में 6 महीने का मासूम बुरी तरह से जख्मी हो गया, जबकि उसे बचाने के चक्कर में उसकी बुआ भी घायल हो गई।

मासूम रोहतक PGI रेफर, इलाके में गुस्सा
गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम का रोहतक में इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कुत्ते के मालिक की घोर लापरवाही से बेहद नाराज हैं। हालांकि, अभी तक पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *