Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

लुधियाना में ‘माफी मांगने के बाद भी नहीं रुके हमलावर’, दुकानदार के सिर पर कड़े से किए 5 वार

भारत इंफो : लुधियाना के फील्डगंज इलाके में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने बर्तन कारोबारी पर कड़े और भारी बर्तनों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान कारोबारी की 4 महीने की गर्भवती पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। हमले में घायल दुकानदार के माथे पर 4 टांके आए हैं।

पीड़ित दुकानदार सोनू कुमार ने मामले की शिकायत थाना नंबर-2 की पुलिस को दी है। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक्टिवा पार्क करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
सोनू कुमार के मुताबिक, फील्डगंज स्थित कलगीधर गुरुद्वारा रोड पर उनकी श्री शिव एंटरप्राइजेज नाम से बर्तनों की दुकान है। रविवार शाम करीब सवा 6 बजे एक महिला ग्राहक उनकी दुकान पर बर्तन खरीदने आई थी। महिला ने अपनी एक्टिवा सड़क पर थोड़ी आगे खड़ी कर दी।

इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार को एक्टिवा की वजह से निकलने में परेशानी हुई। आरोप है कि कार चालक गुस्से में कार से नीचे उतरा और गाली-गलौज करने लगा। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए सोनू कुमार ने बीच-बचाव किया और आगे से ध्यान रखने की बात कहते हुए माफी मांगने की कोशिश की।

माफी मांगने के बाद भी बढ़ता गया विवाद
पीड़ित का आरोप है कि मामला शांत होने की बजाय सामने वाली दुकान के कुछ लोग भी विवाद में शामिल हो गए। उन्होंने सोनू कुमार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सोनू के मुताबिक, हमलावरों ने उसे दुकान से बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

गर्भवती पत्नी से भी धक्का-मुक्की का आरोप
सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि जब उनकी 4 महीने की गर्भवती पत्नी उन्हें बचाने के लिए आगे आईं तो हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इसके बाद आरोपियों ने सोनू के सिर पर कड़े और दुकान में रखे भारी बर्तनों से हमला किया। पीड़ित के मुताबिक, उसके सिर पर कड़े से करीब 5 बार वार किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और माथे पर 4 टांके लगाने पड़े।

CCTV में कैद हुई मारपीट की घटना
पीड़ित के अनुसार, पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। खून से लथपथ हालत में सोनू कुमार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है। उन्होंने थाना नंबर-2 में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *