Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

आंखों में मिर्च झोंककर SBI से लूटे लाखों, भागते ही पुलिस ने 30 मिनट में धर दबोचा; वायरल हुआ वीडियो!

भारत इंफो : महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक शाखा में दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। एक सिरफिरे युवक ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में अचानक लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया और पैसों से भरा बैग छीनकर रफूचक्कर हो गया। अचानक हुए इस हमले से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी दर्द से चिल्लाने लगे। घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एटीएम से कैश ला रहे कर्मचारियों को बनाया निशाना
मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। एसबीआई बैंक के कर्मचारी पास के एटीएम से कैश एकत्रित करके शाखा में वापस लौट रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने अचानक कर्मचारियों की आंखों पर लाल मिर्च का पाउडर फेंकना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के संभलने से पहले ही आरोपी 4.53 लाख रुपये से भरा कैश का बैग छीनकर मौके से फरार हो गया।

शोर सुनते ही दौड़ी पुलिस, 30 मिनट के भीतर आरोपी गिरफ्तार
वारदात के तुरंत बाद बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाते हुए लुटेरे का पीछा करना शुरू किया। गश्त पर तैनात बीट मार्शल और डीबी (DB) टीम के पुलिसकर्मियों की नजर भी भागते हुए आरोपी पर पड़ी और उन्होंने बिना देरी किए उसका पीछा किया। मुस्तैद पुलिस टीम ने महज 1 किलोमीटर की दूरी पर घेराबंदी करके घटना के 30 मिनट के भीतर ही आरोपी को नकदी से भरे बैग समेत गिरफ्तार कर लिया।

B.Sc ग्रेजुएट निकला आरोपी, बेरोजगारी में उठाया कदम
पुलिस हिरासत में आए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है, जो नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील स्थित तातोली गांव का निवासी है। पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि सूरज बी.एससी. (B.Sc.) ग्रेजुएट है और लंबे समय से बेरोजगार चल रहा था। पुलिस का मानना है कि नौकरी न मिलने और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *