loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

जालंधर में फॉर्म हाउस को चोरों ने बनाया निशाना, 10 दिन में 6 चोरियां

भारत इंफो : जालंधर में चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। थाना आदमपुर के तहत जंडूसिंघा रोड स्थित नंदा फार्म में पिछले 10 दिनों में 5 बार चोरी हो चुकी है, जबकि इसी थाना क्षेत्र में पीड़ित के भट्ठे को भी चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित का दावा है कि चोरी की कुल 6 वारदातें हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि नंदा फार्म से करीब 500 मीटर की दूरी पर CIA स्टाफ का दफ्तर भी मौजूद है।

10 दिन में नंदा फार्म को 5 बार बनाया निशाना
नंदा फार्म हाउस के संचालक राकेश चंद नंदा ने बताया कि चोर पिछले 10 दिनों से लगातार उनके फार्म को निशाना बना रहे हैं। उनके मुताबिक पहली चोरी 28 तारीख को हुई थी। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई और FIR भी दर्ज की गई। FIR दर्ज होने के बाद भी चोरी की वारदातें नहीं रुकीं। अगले ही दिन दोपहर में दोबारा चोरी हुई। इसके बाद चोर कॉपर की तारें चोरी करने के साथ तोड़फोड़ भी कर गए। बाद में पैलेस में लगे ट्यूबवेल से तारें चोरी की गईं।

एक घंटे तक पैलेस में घूमते रहे चोर
राकेश चंद नंदा के मुताबिक, हाल ही में चोर दोबारा पैलेस में घुसे और करीब एक घंटे तक वहां रहे। इस दौरान उन्होंने डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। लगातार शिकायतों के बावजूद अभी तक चोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस की ओर से हर बार FIR दर्ज करने और कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।

भट्ठे से सिलेंडर और मोबाइल भी ले गए चोर
पीड़ित ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र में स्थित उनके भट्ठे को भी चोरों ने करीब 8 दिन पहले निशाना बनाया था। वहां से चोर सिलेंडर और मोबाइल फोन चोरी करके फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।

पहले मुंह ढककर आते थे, अब चेहरे भी नहीं छिपा रहे
पीड़ित का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पहले वे मुंह ढककर वारदात करने आते थे, लेकिन अब बिना चेहरा छिपाए चोरी कर रहे हैं। उनका दावा है कि FIR दर्ज होने के बाद भी नंदा फार्म में तीन बार चोरी हो चुकी है। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर फोटो खींचकर ले जाते हैं, लेकिन चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो रही।

CCTV में साफ दिखाई दे रहे चोरों के चेहरे
चोरी की एक वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है। फुटेज में कथित तौर पर चोरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। अब पीड़ित की मांग है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

SHO को कई बार फोन किया, नहीं उठा रहे फोन
राकेश चंद नंदा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि चोरी की लगातार घटनाओं के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को 4 से 5 बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। पहली बार SHO ने फोन उठाया तो उन्होंने पांचवीं चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद भी उन्हें कार्रवाई का आश्वासन ही मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *