Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

जालंधर-लुधियाना हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक के नीचे घुसी बाइक; 3 युवकों की मौत

भारत इंफो : जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। ट्रक से टक्कर के बाद बाइक करीब 10 फीट तक ट्रक के नीचे घुस गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। इनमें से दो की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

रात 3:30 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार देर रात करीब 3:30 बजे जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर हुआ। तीनों युवक स्प्लेंडर बाइक पर जालंधर से लुधियाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे काफी अंदर तक फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक करीब 10 फीट तक घसीटती हुई ट्रक के नीचे चली गई। बाइक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हाइड्रा की मदद से निकाली गई बाइक

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक और बाइक को अलग करने के लिए हाइड्रा की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद बाइक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया।

इसके बाद तीनों घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में तीनों शवों को सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया गया।

दो मृतकों की पहचान, तीसरे की तलाश जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में दो मृतकों की पहचान साहिल और जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं, तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस को मृतकों के पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। इन्हें जांच अधिकारी ASI बावा सिंह को सौंप दिया गया है। पुलिस मोबाइल फोन के जरिए तीसरे मृतक की पहचान करने और तीनों के परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकराई थी। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *