Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने युवक को मारा थप्पड़, कैमरे में कैद हुई पूरी घटना; अब विभाग ने की कार्रवाई

भारत इंफो : जालंधर में चालान काटने के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित ट्रैफिक कर्मचारी को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

चालान काटने के दौरान मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
एसीपी अजय सिंह ने बताया कि कैंट इलाके के नजदीक ट्रैफिक पुलिस की ओर से नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया। ट्रक ड्राइवर अपना ड्राइविंग लाइसेंस मोबाइल फोन के जरिए ट्रैफिक कर्मचारियों को दिखा रहा था। इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर ड्राइवर और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ट्रैफिक कर्मचारी ने तैश में आकर ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मार दिए। घटना के दौरान साथ खड़े युवक ने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

एसीपी अजय सिंह ने कहा- इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं
मामले को लेकर एसीपी अजय सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मचारी का इस तरह का व्यवहार बिल्कुल उचित नहीं है। पुलिस विभाग की ओर से आम जनता के साथ मर्यादा और कानून के मुताबिक व्यवहार करने की स्पष्ट हिदायत है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और संबंधित ट्रैफिक कर्मचारी को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

युवक ने लगाया पैसों की मांग का आरोप
वहीं, तलवंडी साबो निवासी मनप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि वह जालंधर बायपास-फगवाड़ा रोड पर ट्रक में लोड लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उसका चालान काट दिया गया।

इसी दौरान पुलिसकर्मी ने कुछ अन्य ट्रक चालकों को भी रोक लिया। उसने पूरे मामले की मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल छीन लिया। मनप्रीत ने जब मोबाइल वापस लेने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मनप्रीत सिंह ने घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को लाइन हाजिर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *