Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड: दोनों शूटर एनकाउंटर में ढेर, 50-50 हजार का था इनाम

भारत इंफो : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों कथित शूटर्स को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय सुमित और 22 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है। दोनों सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।

सोनीपत जाते समय पुलिस ने घेरा
पुलिस अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर सोनीपत की तरफ जा रहे थे। सोमवार तड़के करीब 4 बजे पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से सुमित और मोहित घायल हो गए। एनकाउंटर के बाद पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिम के बाहर की थी अंकित की हत्या
पुलिस के अनुसार, करीब 5 दिन पहले सुमित और मोहित ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर जिम के बाहर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या की थी। इस हत्याकांड में सत्यम और आर्यन नाम के दो अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *