Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर को स्वच्छ बनाने मैदान में उतरे मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर विनीत धीर और नितिन कोहली; 10 दिवसीय स्वच्छता मिशन की शुरुआत

भारत इंफो : पंजाब सरकार के ‘क्लीन पंजाब’ अभियान की शुरुआत जालंधर के नकोदर चौक से की गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर विनीत धीर, हलका इंचार्ज नितिन कोहली, डीसी वरजीत वालिया समेत नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर सफाई की। सभी ने झाड़ू लगाकर लोगों को शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।

10 दिनों तक चलेगा ‘क्लीन पंजाब’ अभियान
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों और किसी भी इलाके में गंदगी नहीं रहने दी जाएगी। अभियान अगले 10 दिनों तक चलेगा और इस दौरान अलग-अलग इलाकों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी विभागों और लोगों को मिलकर इस मुहिम को सफल बनाना होगा, ताकि आने वाले समय में पूरा पंजाब स्वच्छ और सुंदर नजर आए।

मेयर विनीत धीर बोले- बदल जाएगा जालंधर का स्वरूप
मेयर विनीत धीर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और लोकल बॉडी मंत्री के नेतृत्व में 10 दिवसीय ‘क्लीन पंजाब’ मिशन शुरू किया गया है। नगर निगम की टीम, डीसी, मेयर और कर्मचारी मिलकर अभियान को सफल बनाने के लिए काम करेंगे। 10 दिनों के भीतर जालंधर का नया और साफ-सुथरा स्वरूप सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। मेयर ने कहा कि बीमारियों से बचने के लिए आसपास सफाई रखना बेहद जरूरी है। लोगों से अपील की गई कि वे चलते-फिरते सड़कों या दुकानों के बाहर कचरा न फेंकें।

जनता के सहयोग के बिना मुहिम नहीं होगी सफल
मोहिंदर भगत, विनीत धीर और डीसी वरजीत वालिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम की मेहनत तभी सफल होगी, जब लोगों का भी पूरा सहयोग मिलेगा। अक्सर लोग चलते-फिरते या दुकानों के बाहर कचरे से भरे लिफाफे फेंक देते हैं, जिससे शहर में गंदगी बढ़ती है। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर डस्टबिन भी उपलब्ध करवाए गए हैं। सफाई कर्मचारियों की मेहनत को सफल बनाने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

गीला और सूखा कचरा अलग करना जरूरी
अभियान के तहत लोगों से घरों और दुकानों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की गई है। नगर निगम की टीमों को कचरा सौंपते समय दोनों तरह का कचरा अलग होना चाहिए। वहीं, रात के समय सड़कों पर कचरा फेंकने वालों को रोकने के लिए नगर निगम ने स्पेशल मार्शल भी तैनात किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *