भारत इंफो : अमृतसर में ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने वाली पंजाब पुलिस के एक कर्मचारी की तस्वीर सामने आने के बाद सवाल खड़े हो गए हैं। मामला अमृतसर के सुल्तानविंड रोड का है, जहां बी डिवीजन थाने के पास एक पुलिसकर्मी बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर घूमता नजर आया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने उसकी तस्वीर कैमरे में कैद कर ली।
आम लोगों को नियमों का पालन करने की हिदायत
पुलिस की ओर से वाहन चालकों को लगातार ट्रैफिक नियमों का पालन करने और वाहनों के जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की हिदायत दी जाती है। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना भी नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। ऐसे में पुलिसकर्मी के ही बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर नजर आने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
क्या पुलिसकर्मी का भी कटेगा चालान?
तस्वीर सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस पुलिसकर्मी के खिलाफ भी ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और पुलिसकर्मियों को भी आम वाहन चालकों की तरह नियमों का पालन करना चाहिए।
अब पुलिस विभाग की कार्रवाई पर नजर
फिलहाल इस मामले में ट्रैफिक पुलिस या पुलिस विभाग की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि तस्वीर सामने आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मी का चालान किया जाता है या विभाग की ओर से कोई अन्य कार्रवाई की जाती है।