Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

पाकिस्तानी TikToker आयशा गिलमाना की गोली मारकर हत्या, छोटी बहन गंभीर घायल

भारत इंफो : पाकिस्तान से सोशल मीडिया जगत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। 28 वर्षीय पाकिस्तानी TikToker शमसू बीबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोशल मीडिया पर वह आयशा गिलमाना के नाम से मशहूर थीं। घटना 14 अगस्त को इस्लामाबाद के पास टैक्सिला शहर में हुई। हमले में आयशा की 15 वर्षीय छोटी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

फोन आने के बाद घर से निकली थीं आयशा
परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले आयशा को कशिफ उर्फ ‘काशी’ नाम के एक व्यक्ति का फोन आया था। आरोप है कि उसने आयशा को तुरंत घर से बाहर आने के लिए कहा। इसके बाद वह अपनी 15 वर्षीय बहन असीमा और भाई नैमतुल्लाह के साथ कार में घर से निकलीं।

बच्चों के घर से निकलने के कुछ ही समय बाद परिवार को गोलीबारी की जानकारी मिली। आयशा के पिता फजल साहिबजादा टैक्सिला के THQ अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी के शव की पहचान की।

पेट्रोल पंप के पास बाइक सवारों ने की फायरिंग
परिवार की शिकायत में भाई नैमतुल्लाह के हवाले से बताया गया है कि एक पेट्रोल पंप के पास दो अज्ञात लोगों ने मोटरसाइकिल से उनकी कार का पीछा किया। इसके बाद दोनों ने कार पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई गई है।
फायरिंग के दौरान एक गोली आयशा की गर्दन में लगी। गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी के बाद कार चला रहे व्यक्ति ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार दूसरी गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में आयशा की छोटी बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गई।

पहले भी धमकी मिलने का परिवार ने लगाया आरोप
आयशा के पिता ने पुलिस शिकायत में कुछ लोगों के साथ कथित आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद का भी जिक्र किया है। परिवार ने कौसर और जावेद उर्फ ‘शाहीन’ पर पैसे वापस करने को लेकर दबाव बनाने और कथित तौर पर धमकी देने का आरोप लगाया है।आयशा ने इस मामले को लेकर पहले इस्लामाबाद में शिकायत भी दर्ज कराई थी। अब परिवार ने नामजद लोगों के अलावा दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

TikTok पर 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
आयशा गिलमाना TikTok पर काफी लोकप्रिय थीं। उनके करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स बताए जाते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। परिवार का दावा है कि आयशा का भाई नैमतुल्लाह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और परिवार की शिकायत में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *