loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

पटियाला में मकान देखने पहुंचे पति-पत्नी पर पिटबुल का हमला, CCTV में कैद खौफनाक मंजर

भारत इंफो : पंजाब के पटियाला में मकान देखने पहुंचे पति-पत्नी पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला के हाथ की सर्जरी की गई, जबकि व्यक्ति की टांग और पीठ पर टांके लगाए गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

पहले महिला के पैर पर किया हमला
सामने आई सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पिटबुल सबसे पहले महिला के पैर को पकड़ लेता है। महिला को बचाने के लिए जैसे ही उसका पति आगे आता है, कुत्ता उस पर भी हमला कर देता है। पिटबुल व्यक्ति की पीठ पर काटता है और इसके बाद दोबारा महिला की तरफ जाकर उसे घायल करने लगता है। दंपती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश शुरू की।

40-50 डंडे मारने के बाद पीछे हटा कुत्ता
घटना के दौरान करीब 5 से 6 लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने पिटबुल को हटाने के लिए उस पर करीब 40 से 50 डंडे मारे। इसके बाद कुत्ते ने दंपती को छोड़ दिया और वापस घर के अंदर चला गया। हमले में घायल दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। महिला के हाथ में गंभीर चोट आने के कारण उसकी सर्जरी करनी पड़ी। वहीं व्यक्ति की टांग और पीठ पर चोटें आईं, जिन पर डॉक्टरों ने टांके लगाए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पिटबुल के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक, कुत्ते के मालिक की पहचान होने के बाद केस में उसका नाम शामिल किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *