भारत इंफो : जालंधर के गद्दो वाली पिंड में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 4 तोले सोने के गहने और 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं और शादी के लिए अलग-अलग कीमत के कोरे नोट जोड़कर रखे गए थे। घटना के बाद लांबड़ा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीछे की खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात चोर घर के पिछले हिस्से से खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। परिवार के सदस्य घर के एक कमरे में सो रहे थे। चोरों ने उनके कमरे के दरवाजे के बाहर एक बड़ा टेबल लगा दिया, जिससे दरवाजा अंदर से आसानी से नहीं खुल सके। इस दौरान खिड़की टूटने की आवाज भी परिवार के सदस्यों ने सुनी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया।
अलमारी तोड़कर सोने के गहने और नकदी चुराई
घर में घुसने के बाद चोरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी को तोड़ दिया। अलमारी से करीब 4 तोले सोने के गहने चोरी किए गए, जिनमें अंगूठी, टॉप्स और चेन समेत अन्य सामान शामिल था। इसके अलावा चोरों ने अलमारी में रखे 100, 50, 20 और 10 रुपये के कोरे नोट भी चोरी कर लिए। इन नोटों की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
सुबह दरवाजा नहीं खुला तो सामने मिला टेबल
परिवार को चोरी की जानकारी सुबह करीब 5 बजे हुई। जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा था। काफी जोर लगाने के बाद दरवाजा खुला तो सामने एक बड़ा टेबल रखा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में पहुंचे तो वहां अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।
शादी के लिए रखे थे कोरे नोट
परिजनों के अनुसार, घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी वजह से अलग-अलग मूल्य के कोरे नोट जोड़कर रखे गए थे। चोर इन्हीं नोटों के साथ सोने के गहने भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत लांबड़ा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।