भारत इंफो : जालंधर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मकसूदां इलाके में बल अस्पताल के पास हुआ, जहां करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही एक स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी छत तक अलग हो गई। हादसे के बाद कार की नंबर प्लेट भी काफी दूर जा गिरी, जबकि एयरबैग खुल गए।
फ्रंट सीट पर मिले दो शव, एक युवक का शव सड़क पर गिरा
पुलिस के मुताबिक, कार जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 6 बजे भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर सड़क किनारे एक कैंटर खड़ा था। तेज रफ्तार कार सीधे कैंटर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। दो युवकों के शव कार की फ्रंट सीट पर फंसे मिले, जबकि तीसरे युवक का शव सड़क पर गिरा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह पिछली सीट पर बैठा था।
कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
कैंटर चालक हादसे के बाद फरार
SHO राकेश कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि कैंटर का चालक रास्ता भटकने या किसी अन्य कारण से वाहन को हाईवे पर खड़ा करके वहां से चला गया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैंटर सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों तक पहुंचने की कोशिश शुरू कर दी है। नंबर से लम्मे पिंड और रंधावा क्षेत्र से संबंध सामने आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कैंटर के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।