भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के आरोप में पटियाला के घनौर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं ठेकेदार मदन लाल जलालपुर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। उन पर कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और पार्टी के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। पार्टी का कहना है कि उनकी टिप्पणियों से कार्यकर्ताओं में नाराजगी का माहौल पैदा हो गया था।
पहले जारी किया गया था कारण बताओ नोटिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति के चेयरमैन अवतार सिंह हेनरी ने मदन लाल जलालपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उन्हें तीन दिन के भीतर अपना पक्ष रखने और जवाब देने के लिए कहा गया था। मदन लाल जलालपुर ने निर्धारित समय के भीतर अपना जवाब भेजा, लेकिन अनुशासनात्मक समिति ने उसे संतोषजनक नहीं माना। इसके बाद समिति ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता से निलंबित करने का फैसला लिया।
पार्टी ने अनुशासन पर दिया जोर
कांग्रेस का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसी कारण संगठन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। इस फैसले के बाद पंजाब कांग्रेस की सियासत में हलचल तेज हो गई है।