भारत इंफो : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 से 5 लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
चटकने की आवाज के बाद मची अफरा-तफरी
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इमारत में कुल 48 कमरे थे और प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। भवन को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय इमारत में मरम्मत का कार्य भी चल रहा था। वीरवार रात करीब 9 बजे इमारत से तेज चटकने की आवाजें आने लगी थीं। खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
हालांकि, जब कुछ निवासी अभी भी इमारत से बाहर निकल रहे थे, तभी उसकी बी विंग अचानक ढह गई। देखते ही देखते पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया और चीख-पुकार मच गई।
NDRF और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF), फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत और बचाव कार्य जारी रहेगा।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी ऑफिसर डॉ. आकाश शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद तीन घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीनों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि दोनों पुरुषों के फ्रैक्चर होने की आशंका है। उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।