भारत इंफो : पंजाब के पठानकोट में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम कमिश्नर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में नगर निगम कार्यालय, आर्मी स्टेशनों और कैंट स्थित आर्मी स्कूलों में आईईडी (IED) बम धमाके करने की धमकी दी गई है। ईमेल खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ बताने वाले संगठन के नाम से भेजा गया है, जिसमें 15 अगस्त से पहले सेना के ठिकानों और स्कूलों को खाली करने की चेतावनी दी गई है।

ईमेल में 1984 की घटनाओं का किया जिक्र
धमकी भरे संदेश में लिखा गया है कि 15 अगस्त सिखों का आजादी दिवस नहीं है। इसमें जून 1984 के दरबार साहिब ऑपरेशन, नवंबर 1984 के सिख विरोधी दंगों और कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ों का उल्लेख करते हुए दावा किया गया है कि इन घटनाओं का बदला 15 अगस्त से लिया जाएगा। ईमेल में यह भी कहा गया है कि सेना के जवान अपने परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और आर्मी स्टेशनों व कैंट क्षेत्रों को छोड़ दें, अन्यथा वर्ष 2026-27 के दौरान बम धमाके किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को भी बनाया निशाना
ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। संदेश के अंत में इसे ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ की ओर से भेजा गया बताते हुए इंजीनियर गुरनाख सिंह (रुकन शाहवाला) और डॉ. गुरनिरवैर सिंह (खान राजादा) के नाम लिखे गए हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
धमकी मिलने के तुरंत बाद नगर निगम अधिकारियों ने इसकी सूचना पठानकोट पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को दी। साइबर सेल ने ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की जांच शुरू कर दी है। वहीं नगर निगम कार्यालय, आर्मी स्कूलों और अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल एजेंसियां ईमेल की वेरिफिकेशन और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।