भारत इंफो : जालंधर से जम्मू जा रही लक्ष्मी हॉलिडेज़ की एक तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे मौजूद बाइक और स्कूटी सवार चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रणजीत सिंह (38) और अरुण कुमार (32) के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस करीब 200 मीटर तक लोगों को घसीटती रही
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बस चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक खो गया। इसके बाद बस सड़क किनारे मौजूद बाइक और स्कूटी सवारों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने बस नहीं रोकी और वाहन करीब 200 मीटर तक आगे बढ़ता रहा। हादसे में एक बच्ची की जान बच गई, जबकि टक्कर के बाद बस भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद चालक और परिचालक फरार
घटना के तुरंत बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
मौके पर पहुंचे एसपी गुरइकबाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग सामने आई है। उन्होंने कहा कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। बस चालक और बस मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।