भारत इंफो, जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को प्रस्तावित जालंधर दौरे से एक दिन पहले सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यापक प्रबंधों के चलते वीरवार को पूरा जालंधर शहर भीषण ट्रैफिक जाम की चपेट में आ गया। सुबह से ही शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और मुख्य चौराहों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रधानमंत्री शुक्रवार को जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के साथ-साथ छेहरटा से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा, जिसका असर पूरे शहर में देखने को मिला।
अमृतसर, जम्मू, होशियारपुर और लुधियाना की ओर से शहर में प्रवेश करने वाला ट्रैफिक विशेष रूप से रामा मंडी चौक, पीएपी चौक और आसपास के इलाकों में घंटों तक जाम में फंसा रहा। कई स्थानों पर वाहनों की कतारें कई किलोमीटर तक पहुंच गईं, जिससे लोगों का सफर बेहद कठिन हो गया। इसके अलावा शहर के अंदरूनी क्षेत्र में भी ट्रैफिक बुरी तरह से प्रभावित है।
ट्रैफिक जाम का सबसे अधिक असर रेल यात्रियों पर पड़ा। जाम में फंसने के कारण कई यात्री समय पर रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच सके और उनकी ट्रेनें छूट गईं। इसके अलावा सरकारी और निजी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी तथा अधिकारी भी समय पर अपने दफ्तर नहीं पहुंच पाए। स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर चल रही कई स्कूल बसें भी लंबे समय तक जाम में फंसी रहीं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की कि प्रधानमंत्री के दौरे जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं के दौरान आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को घंटों तक जाम में न फंसना पड़े।