Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला; मौके पर मौत

भारत इंफो : जालंधर शहर के डॉ. बीआर अंबेडकर चौक पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी रतन सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नकोदर चौक की ओर जा रहे थे बुजुर्ग
जानकारी के मुताबिक रतन सिंह सोमवार सुबह साइकिल पर सवार होकर नकोदर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत पकड़ा आरोपी
घटना के समय चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को मौके से हिरासत में ले लिया। बाद में उसे थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस के हवाले कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
थाना डिवीजन नंबर-4 के जांच अधिकारी ASI हीरा लाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *