Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

लुधियाना में पिज्जा से निकली जिंदा सुंडी, खाने के शौकीनों के लिए अलर्ट

भारत इंफो : पंजाब के लुधियाना जिले के माछीवाड़ा साहिब स्थित एक फूड कैफे में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक के पिज्जा में से जिंदा सुंडी (कीड़ा) निकलने का मामला सामने आया। घटना के बाद ग्राहक ने तुरंत इसकी शिकायत कैफे प्रबंधन से की। मामला बढ़ने पर सेहत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित फूड कैफे के खिलाफ कार्रवाई की।

पिज्जा खाते समय दिखी जिंदा सुंडी, ग्राहक रह गया हैरान

हेडो बेट गांव निवासी विशाल ने बताया कि उन्होंने माछीवाड़ा साहिब के एक मशहूर फूड कैफे से पिज्जा ऑर्डर किया था। जब वह पिज्जा खा रहे थे, तभी उनकी नजर उसके अंदर रेंग रही एक जिंदा सुंडी पर पड़ी। यह देखकर वह हैरान रह गए और तुरंत कैफे के मैनेजर को इसकी जानकारी दी।

मैनेजर ने नया पिज्जा देने की पेशकश की

विशाल के अनुसार, शिकायत के बाद कैफे मैनेजर ने पिज्जा बदलकर नया देने की पेशकश की, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की सूचना स्थानीय सेहत विभाग को दी, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

सेहत विभाग की जांच में कैफे पर हुई कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद डॉ. दविंदर वर्मा की अगुवाई में सेहत विभाग की टीम फूड कैफे पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। डॉ. दविंदर वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान कैफे के मैनेजर ने पिज्जा में जिंदा कीड़ा मिलने की बात स्वीकार की। इसके बाद नगर काउंसिल के इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने फूड कैफे का चालान किया।

ग्रॉसरी स्टोर में मिला एक्सपायर्ड सामान

जांच के दौरान अधिकारियों ने फूड कैफे के ऊपर स्थित ग्रॉसरी स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली। नगर काउंसिल की टीम ने स्टोर का भी चालान किया और एक्सपायर्ड सामान को जब्त कर नगर परिषद की कूड़ा ट्रॉली में नष्ट करने के लिए भेज दिया। मामले के बाद खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *