Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

पंजाब कांग्रेस में घमासान के बीच जीरा की पोस्ट वायरल, लिखा- जंगल में शेर एक ही होगा

भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर जारी खींचतान के बीच पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलबीर सिंह जीरा की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। शनिवार को जब पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुआई वाले नाराज गुट के नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे, उसी दौरान जीरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक फोटो शेयर की।

राजा वड़िंग के साथ फोटो शेयर कर दिया संदेश
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के करीबी माने जाने वाले कुलबीर सिंह जीरा ने उनके साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ लिखे संदेश को राजा वड़िंग के समर्थन में राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। जीरा ने लिखा, “जंगल में सियार और दूसरे जानवर बहुत होते हैं, लेकिन शेर सिर्फ एक ही होगा। और अगर वह अकेला भी है तो जंगल का राजा वही होगा। यह सिर्फ वर्णन नहीं, बल्कि स्पष्ट ऐलान है।”

पोस्ट की टाइमिंग को लेकर सियासी चर्चाएं तेज
हालांकि कुलबीर सिंह जीरा ने अपनी पोस्ट में राजा वड़िंग का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। लेकिन पोस्ट के साथ शेयर की गई तस्वीर और इसकी टाइमिंग के कारण राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस पोस्ट को ऐसे समय में राजा वड़िंग के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है, जब चन्नी गुट की ओर से पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर हाईकमान के सामने अपनी बात रखी जा रही है।

तस्वीर में पीछे दिखी शेर की पेंटिंग ने बढ़ाया सस्पेंस
जीरा की ओर से शेयर की गई तस्वीर में वह राजा वड़िंग के साथ चाय पर हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर के बैकग्राउंड में शेर की एक बड़ी पेंटिंग भी नजर आ रही है। पोस्ट में ‘जंगल के राजा’ का जिक्र और पीछे लगी पेंटिंग ने इसके राजनीतिक संकेतों को लेकर चर्चाएं और तेज कर दी हैं।

चन्नी गुट के साथ बैठक के दौरान सामने आई पोस्ट
कुलबीर जीरा की यह पोस्ट उस समय सामने आई, जब भूपेश बघेल चंडीगढ़ में राणा गुरजीत सिंह के आवास पर चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ करीब 90 मिनट तक बैठक कर रहे थे। पंजाब कांग्रेस में जारी नेतृत्व विवाद के बीच जीरा की पोस्ट को अब एक बड़े सियासी संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *