Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

जालंधर नूरमहल फायरिंग केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, युवक-युवती गिरफ्तार

भारत इंफो : जालंधर के नूरमहल में देर रात हुए फायरिंग मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि ग्लैंजा कार में सवार युवक और युवती ने एक्टिवा पर जा रहे दो भाइयों के साथ पहले विवाद किया और फिर गोली चला दी। फायरिंग में नवदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका भाई हैप्पी भी मारपीट के दौरान चोटिल हुआ। घायल नवदीप का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

डीएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
सब-डिवीजन नकोदर के डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपी हरकीरत सिंह और मनजोत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़ित हैप्पी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे वह अपने भाई नवदीप के साथ एक्टिवा पर नूरमहल की ओर जा रहा था। उप्पल जागीर गांव के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार ग्लैंजा कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। इसके बाद कार में सवार युवक और युवती नीचे उतरे और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

फायरिंग का आरोप, युवक गंभीर घायल
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने अपने साथी को गोली चलाने के लिए उकसाया। इसके बाद युवक ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। एक गोली नवदीप की कलाई में लगी, जबकि दूसरी उसके पेट में जा धंसी। वारदात के बाद दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *