loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

होशियारपुर में आवारा कुत्तों का कहर, 4 साल की मासूम को नोच-नोचकर मार डाला

भारत इंफो : पंजाब में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला होशियारपुर जिले से सामने आया है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने चार साल की एक मासूम बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोगों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

खेत में काम कर रहे थे माता-पिता
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ध्यानपुर गांव निवासी राम जीवन अपनी पत्नी प्रीति के साथ होशियारपुर के गांव बसी जलाल के पास धान की रोपाई का काम कर रहे थे। उनकी करीब चार वर्षीय बेटी गुनगुन खेत से कुछ दूरी पर एक पेड़ के नीचे सो रही थी। रविवार शाम करीब सात बजे अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंच गया और बच्ची पर हमला कर दिया।

चीख सुनकर दौड़े परिजन
कुत्तों ने मासूम को घसीटते हुए बुरी तरह घायल कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर उसके माता-पिता और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल गुनगुन को पहले टांडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे होशियारपुर रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान तोड़ दिया दम
होशियारपुर अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *