loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 42°C
Breaking News

लुधियाना में AAP नेता पर फायरिंग करने के आरोप, लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

भारत इंफो : लुधियाना में पार्किंग विवाद के दौरान हुई फायरिंग के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। घटना का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता बीके बोनी कथित तौर पर गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंप दिया है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि इतने अहम सबूत मिलने के बावजूद पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बच रही है।

पार्किंग विवाद से शुरू हुआ था पूरा मामला
पीड़ित पक्ष के लखबीर सिंह के अनुसार, विवाद उनके 12-टायरी ट्रक की पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि सुबह बीके बोनी की पत्नी के साथ इस मुद्दे पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद ट्रक वहां से हटा लिया गया था। आरोप है कि रात में इसी रंजिश के चलते बोनी के पिता रवि ने गाली-गलौज और पथराव शुरू कर दिया।

इसके बाद बीके बोनी ने कथित तौर पर करीब पांच राउंड फायरिंग की। घटना के दौरान एक गोली वहां मौजूद एक बच्चे को छूते हुए निकल गई। हालांकि, इस हादसे में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।

वीडियो के बाद सवालों के घेरे में आई सफाई
घटना के बाद बीके बोनी, जो नशा मुक्ति मोर्चा के जिला कोऑर्डिनेटर भी हैं, ने अपने ऊपर लगे फायरिंग के आरोपों को खारिज कर दिया था। उनका कहना था कि उनके पास लाइसेंसी हथियार है, लेकिन उन्होंने कोई गोली नहीं चलाई। बोनी ने उल्टा पीड़ित पक्ष पर इलाके में नशा बेचने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह क्षेत्र में नशे का कारोबार नहीं होने देंगे, इसलिए उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।

पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल
अब कथित फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद बीके बोनी की सफाई पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर की नहीं दिख रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *