loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 44°C
Breaking News

ब्रिटेन में पंजाब मूल के तीन लोगों को ड्रग्स तस्करी मामले में 22 साल से अधिक की जेल

भारत इंफो : ब्रिटेन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस की लंबी जांच के बाद पंजाब मूल के तीन लोगों को हेरोइन और क्रैक कोकीन की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का संचालन करने का दोषी ठहराया गया है। क्रॉयडन क्राउन कोर्ट ने तीनों आरोपियों को मिलाकर 22 वर्ष से अधिक की जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने माना कि यह गिरोह पश्चिमी लंदन में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

तीनों दोषियों को अलग-अलग अवधि की सजा
अदालत ने पुरशोतम ढिल्लों (59) को 7 वर्ष, हरदीप थिंद उर्फ हैरी सिंह (48) को 12 वर्ष 6 महीने और बिक्रमजीत बराड़ (46) को 3 वर्ष 4 महीने की जेल की सजा सुनाई। जांच में तीनों की भूमिका संगठित ड्रग्स नेटवर्क के सक्रिय सदस्यों के रूप में सामने आई।

मजिस्ट्रेट ने पद का किया दुरुपयोग
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय पुरशोतम ढिल्लों सेवारत मजिस्ट्रेट थे। जांच में खुलासा हुआ कि उन्होंने अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग करते हुए ड्रग्स नेटवर्क को मदद पहुंचाई। मामले की जांच कर रहे डिटेक्टिव इंस्पेक्टर मार्क गैविन ने कहा कि एक मजिस्ट्रेट के रूप में ढिल्लों ने जनता के भरोसे को गंभीर रूप से ठेस पहुंचाई है और यह मामला साबित करता है कि कानून से ऊपर कोई भी नहीं है।

डिजिटल और फोरेंसिक जांच से खुला नेटवर्क का राज
पुलिस ने अक्टूबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच सक्रिय इस नेटवर्क का पर्दाफाश कॉल डेटा रिकॉर्ड, फोरेंसिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन डेटा और डिजिटल जांच के आधार पर किया। जांच में सामने आया कि गिरोह ने लंदन के विभिन्न इलाकों में 1 लाख पाउंड (करीब 1.24 करोड़ रुपये) से अधिक मूल्य की हेरोइन और क्रैक कोकीन की सप्लाई की थी।

मुख्य आरोपी पहले से काट रहा है 17 साल की सजा
जांच के दौरान यह भी पता चला कि हरदीप थिंद पहले से ही हेरोइन और कोकीन की तस्करी के साथ-साथ प्रतिबंधित स्कॉर्पियन सब-मशीन गन रखने के मामले में 17 वर्ष की जेल की सजा काट रहा था। इस नए मामले में दोषी पाए जाने के बाद उसकी सजा में और इजाफा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *