loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 41°C
Breaking News

वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 32 लोगों की मौत, 700 से ज्यादा घायल

भारत इंफो : वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी। भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह आए इन भूकंपों की तीव्रता पहले 7.2 और फिर कुछ ही सेकेंड बाद 7.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में था। इस आपदा में अब तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कई शहरों में इमारतों को नुकसान, एयरपोर्ट की छत का हिस्सा गिरा
भूकंप के तेज झटकों से कराकस समेत कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। राजधानी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी असर देखने को मिला, जहां टर्मिनल की छत का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद इलाके में धूल का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। अधिकारियों के अनुसार यह पिछले 126 वर्षों में देश में आया सबसे बड़ा भूकंप माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

सरकार ने घोषित की राष्ट्रीय आपात स्थिति
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में नेशनल इमरजेंसी घोषित कर दी है। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। प्रशासन लगातार नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में जुटा हुआ है।

गैस सप्लाई बंद कर एहतियाती कदम उठाए गए
भूकंप के बाद संभावित गैस रिसाव और विस्फोट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने प्रभावित इलाकों में गैस सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी है। गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि कई रिहायशी और व्यावसायिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान जारी
राजधानी कराकस और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। बचाव दल ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। सामने आए वीडियो में रेस्क्यू कर्मियों को एक ढही हुई इमारत के मलबे से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालते हुए देखा गया। आशंका है कि कई लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।

जापान में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके
वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंपों के कुछ समय बाद जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि अधिकारियों ने सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। भूकंप का केंद्र कुजी शहर से करीब 35 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था और इसकी गहराई 51.7 किलोमीटर दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *