loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 40°C
Breaking News

जालंधर के पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी का VIDEO, कर्मचारियों के उड़े होश

भारत इंफो : जालंधर के टीवी टॉवर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर मामूली रकम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बाइक सवार तीन युवकों ने 30 रुपए का पेट्रोल डलवाया, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब पंप कर्मचारी ने उनसे पैसे मांगे तो विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पैसे मांगने पर भड़के युवक
जानकारी के अनुसार, तीन युवक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे और 30 रुपए का पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल भरवाने के बाद वे बिना भुगतान किए वहां से जाने लगे। इस पर पंप कर्मचारी ने उन्हें रोककर पैसे मांगे तो युवकों ने कहा कि वे रकम अगले दिन देंगे। कर्मचारी द्वारा विरोध करने पर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

डंडों से हमला करने की कोशिश
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि विवाद के दौरान एक युवक हाथ में डंडा लेकर कर्मचारी पर हमला करने की कोशिश करता है। इसके बाद अन्य युवकों ने भी कर्मचारी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। हालात बिगड़ते देख पंप के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के दोनों वीडियो सामने आए हैं। एक फुटेज में युवक बिना पैसे दिए जाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी फुटेज में कर्मचारी के साथ उनकी बहस और मारपीट साफ नजर आ रही है। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग इस पूरी घटना को देखकर हैरान रह गए।

शिकायत की तैयारी में पीड़ित कर्मचारी
पेट्रोल पंप कर्मचारी मनीष ने बताया कि वह खुरला किंगरा के पास गुरनाम गैस लाइन स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर कार्यरत है। उसने कहा कि युवकों ने पहले पेट्रोल भरवाया और फिर पैसे देने से मना कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और डंडों से हमला किया। घटना के बाद आरोपी बिना भुगतान किए मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी पंप मालिक को देगा और आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *