भारत इंफो : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने तीन दिवसीय पंजाब दौरे के तहत शनिवार को अमृतसर पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेककर की। इस दौरान उन्होंने केसरी पगड़ी पहनकर गुरुघर में नतमस्तक हुए और श्रद्धा भाव से सेवा भी की। नितिन नबीन ने लंगर हॉल में जूठे बर्तन धोकर सेवा करते हुए सिख परंपरा के प्रति सम्मान प्रकट किया। उनके साथ भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग भी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत
नितिन नबीन दोपहर करीब 12:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधे वे गोल्डन टेंपल पहुंचे और वहां मत्था टेकने के बाद सेवा कार्यों में हिस्सा लिया।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का करेंगे दौरा
अमृतसर प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष का कई महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर जाने का कार्यक्रम है। शाम को वे जलियांवाला बाग जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में भी माथा टेकेंगे।
जालंधर और लुधियाना में कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
अमृतसर दौरे के बाद नितिन नबीन जालंधर और लुधियाना का भी दौरा करेंगे। लुधियाना में वह पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक लेंगे। साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति और माइक्रो प्लानिंग पर भी चर्चा करेंगे। भाजपा नेतृत्व इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहा है।